पिशाचमोचन कुंड में डूबने से व्यक्ति की मौत, शव ले जाने को लेकर पुलिस-परिजनों में खींचतान

सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाचमोचन कुंड में बुधवार सुबह नहाने के दौरान मलदहिया मालिन बस्ती निवासी राजू कुमार (35) की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। परिजन पुलिस से खींचतान के बाद शव को ई-रिक्शा पर रखकर अस्पताल से बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही कोतवाली और सिगरा पुलिस ने घेराबंदी कर ई-रिक्शा को पकड़ लिया और शव को दोबारा अस्पताल लाया गया।बताया जा रहा है कि राजू बुधवार सुबह तीन दोस्तों के साथ पिशाचमोचन कुंड पर नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर चौकी इंचार्ज और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाश के बाद राजू के शव को कुंड से बाहर निकाला गया।

पुलिस शव को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस शव को मोर्चरी में रखवाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल में हंगामा होने लगा और पुलिस व परिजनों के बीच खींचतान की स्थिति बन गई।

इसी दौरान परिजन शव को ई-रिक्शा पर रखकर अस्पताल से बाहर निकल गए। पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद कोतवाली और सिगरा पुलिस ने घेराबंदी कर ई-रिक्शा को रास्ते में पकड़ लिया। पुलिस ने शव को दोबारा कब्जे में लेकर कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे कड़ी सुरक्षा के बीच मोर्चरी में रखा गया है।मामले की जानकारी के बाद सिगरा एसओ शिवाकांत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक अग्रिम कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेजा जाएगा। घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post