वाराणसी में बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, ढाई घंटे तक लगा जाम

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के सिद्धिपुर में बुधवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार अनुज सिंह पटेल की मौत हो गई। अनुज शहर से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। संत अतुलानंद तिराहे के आगे पहुंचते ही एक बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनुज सड़क पर गिर गए और इसी दौरान बस का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। बारिश के बीच भी घटनास्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई। करीब ढाई घंटे तक जाम रहने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे से वाहनों को निकलवाया और यातायात व्यवस्था संभाली। जाम की सूचना पर ACP कैंट प्रज्ञा पाठक भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया। ACP ने परिवार को न्याय और मुआवजे के संबंध में आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, अनुज ने MTech की पढ़ाई की थी और पढ़ाई पूरी करने के बाद पिता अमरनाथ सिंह के साथ ठेकेदारी का काम कर रहे थे। उनके पिता मकान निर्माण का काम करते हैं। बुधवार को काम के सिलसिले में शहर गए अनुज शाम को बाइक से घर लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां चंद्रवती देवी, पत्नी प्रियंका और उनके दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post