वाराणसी में बदला मौसम, तीन दिन बारिश का येलो अलर्ट

वाराणसी में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। गुरुवार सुबह से शहर में बादलों की आवाजाही के साथ कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार और शुक्रवार को गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर वाराणसी के मौसम पर दिखाई दे रहा है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। शनिवार को बादल बने रहने की संभावना है और रविवार से मौसम में सुधार के आसार हैं।

बारिश को देखते हुए बीएचयू की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक धान की फसल इस समय बाली बनने की अवस्था में है, इसलिए खेत में पहले से पर्याप्त नमी होने पर सिंचाई करने से बचें। तेज हवा के कारण धान की फसल गिर सकती है, वहीं खेत में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसल को नुकसान हो सकता है। बारिश थमने के बाद खेतों में जल निकासी की व्यवस्था जांचने और धान में कीट व रोगों की निगरानी करने की सलाह दी गई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post