वाराणसी में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के नामांकन का आगाज, पहले दिन बिके 17 पर्चे

वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। आयुक्त कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे निर्वाचन अधिकारी एवं मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अधिसूचना जारी करने के साथ नामांकन प्रक्रिया का शुभारंभ किया। पहले दिन समाचार लिखे जाने तक स्नातक सीट के 10 और शिक्षक सीट के सात नामांकन पत्र बिक चुके थे।

सुबह से ही आयुक्त कार्यालय परिसर में दावेदारों और उनके प्रतिनिधियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। नामांकन के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जांच के बाद प्रत्याशियों और उनके एजेंटों को नामांकन स्थल में प्रवेश दिया गया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में किया जा रहा है।

स्नातक सीट से समाजवादी पार्टी ने मौजूदा विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं भाजपा ने स्नातक सीट से केदार नाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन प्रक्रिया छह अक्टूबर तक चलेगी। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और नौ अक्टूबर को नाम वापसी होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।

नामांकन के लिए प्रत्याशी का प्रदेश की किसी विधानसभा निर्वाचन नामावली में मतदाता होना जरूरी है। इसके साथ ही 10 प्रस्तावक विधान परिषद की संबंधित मतदाता सूची के मतदाता होने चाहिए। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 30 वर्ष निर्धारित है। सामान्य वर्ग के लिए जमानत राशि 10 हजार रुपये और अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए पांच हजार रुपये है। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी के चलते दोनों सीटों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post