प्रख्यात हिंदी साहित्यकार एवं पद्मश्री से सम्मानित स्वर्गीय पंडित मनु शर्मा की जयंती पर सिगरा स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। ‘हमारे मनु न्यास’ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनके साहित्यिक योगदान और कालजयी रचनाओं को याद किया गया।
समारोह में डॉ. इंदीवर द्वारा लिखित पुस्तक ‘अग्निरथ का सारथी’ का लोकार्पण किया गया। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक पंडित मनु शर्मा के जीवन और साहित्यिक यात्रा पर केंद्रित है। इसके साथ ही उनकी अन्य औपन्यासिक कृतियों का पुनर्लोकार्पण भी हुआ।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र सहित कई वरिष्ठ राजनेता, साहित्यकार और पंडित मनु शर्मा के सुपुत्र एवं वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने पंडित मनु शर्मा की लेखन शैली और पात्रों के मनोभावों को जीवंत करने की उनकी अद्भुत कला को याद किया। उनकी चर्चित कृति ‘कृष्ण की आत्मकथा’ का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनका साहित्य जीवन को समझने और कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन देने की क्षमता रखता है। समारोह में उनके विचारों और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।


