वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में करीब 15 से 20 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारतीय सेना और वायुसेना के शौर्य और सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था महाकुंभ की तर्ज पर तैयार की जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों, गंगा घाटों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आयोजन स्थल के आसपास अस्थायी पुलिस थाने और चौकियां बनाई जा रही हैं। बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों को काशी की संकरी गलियों, घाटों और प्रमुख रास्तों की जानकारी देने के साथ विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि भीड़ के बीच किसी भी आपात स्थिति से निपटने में परेशानी न हो।
भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। शहर के प्रवेश मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी, जबकि अस्पतालों और आयोजन स्थल के बीच ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा, ताकि एंबुलेंस बिना रुकावट के गुजर सके। इसके अलावा आयोजन के आसपास अस्थायी मेडिकल कैंप और डॉक्टरों की टीमें तैनात रहेंगी। प्रशासन का लक्ष्य एयर शो के दौरान यातायात सुचारु रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित तरीके से कार्यक्रम देखने की सुविधा उपलब्ध कराना है।


