वाराणसी की पैरा शूटर सुमेधा पाठक अब जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। 18 से 24 अक्टूबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में वह 10 मीटर एयर पिस्टल की सिंगल, डबल और मिक्स्ड डबल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। उत्तर प्रदेश के 13 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सुमेधा की कहानी मुश्किलों से लड़कर आगे बढ़ने की मिसाल है। साल 2013 में जब वह दसवीं कक्षा में थीं, तब उन्हें गंभीर बीमारी MDR-TB हो गई। इसके चलते कमर से पैरों तक का हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और 11वीं कक्षा से शूटिंग की शुरुआत की। साल 2018 में प्री-स्टेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपने खेल करियर की मजबूत शुरुआत की।
सुमेधा ने हाल ही में वर्ल्ड पैरा चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल में सिल्वर मेडल जीता था। अभ्यास में आने-जाने की परेशानी को देखते हुए उनके पिता बृजेश पाठक ने घर में ही शूटिंग रेंज बनवा दी। अब वह रोजाना तीन घंटे शूटिंग और एक घंटा योग का अभ्यास करती हैं। सुमेधा का लक्ष्य एशियन पैरा गेम्स में पदक जीतना और आगे चलकर पैरालंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है।


