वाराणसी में त्योहार से पहले पटाखों के अवैध भंडारण पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। भेलूपुर के सरायनंदन इलाके में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस को एक मकान में अलग-अलग ब्रांड की आतिशबाजी रखी मिली। बरामद पटाखों का कुल वजन 65 किलो 300 ग्राम बताया गया है। मामले में मकान मालिक संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पटाखों के भंडारण से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन संबंधित लाइसेंस नहीं मिलने पर पूरी खेप जब्त कर ली। बरामद सामान में मिनी बुलेट और स्पार्कल श्रेणी के पटाखे भी शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पटाखे किस उद्देश्य से और कहां से लाकर जमा किए गए थे।
एसीपी गौरव कुमार के मुताबिक, बिना अनुमति पटाखे रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दीपावली को देखते हुए पुलिस अवैध भंडारण पर नजर रख रही है, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।


