काशी हिंदू विश्वविद्यालय के महामना सभागार में मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में काशी गंगा-गोदावरी सांस्कृतिक समागम-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय संस्कृति, भारतीय शास्त्रीय नृत्य और आध्यात्मिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि काशीराज फाउंडेशन की अध्यक्ष महाराजकुमारी कृष्णप्रिया सहित अन्य अतिथियों ने महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। संस्था की अध्यक्ष वी. उषा रानी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य काशी, गंगा और गोदावरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ राष्ट्रीय सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है।
समारोह में आंध्र प्रदेश से आए कलाकारों ने कुचिपुड़ी और भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुतियों से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया। गणेश पंचरत्नम, त्यागराज कीर्तनम और दुर्गे दुर्गे जैसी भक्तिमय रचनाओं पर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। वहीं, वाराणसी के आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल की छात्राओं ने शिव स्तुति प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर किया। नृत्य योग कला अकादमी की छात्राओं ने श्रीकृष्ण वंदना पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। संयोजक ओंकारनाथ बापुली और गरिमल रामकृष्णा सहित आयोजकों ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन चक्रवर्ती विजय नावड ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से काशी और गोदावरी की परंपराओं के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव और भारतीय कला की विविधता का सुंदर संदेश दिया गया।


