छोटी पियरी स्थित बेनिया पार्क बाल उद्यान में पियरी दुर्गा पूजनोत्सव समिति की ओर से अष्टमी पर्व पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर माता की झांकी को आकर्षक मालाओं, फूलों और विद्युत झालरों से सजाया गया था। भव्य सजावट से सजा पंडाल माता के जयकारों से गूंजता रहा।
पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं, महिलाओं ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से उत्सव में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक गरबा-डांडिया किया और नवरात्र की खुशियां मनाईं। पूरे आयोजन में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर समिति के दीपक सिंह, संजय सिंह, गप्पू सिंह, कन्हैया श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


