बड़ी पियरी स्थित स्टार क्लब में मां दुर्गा की अलौकिक झांकी सजाई गई। इस अवसर पर पूरे पंडाल को बाबा केदारनाथ के स्वरूप में आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भव्य सजावट के बीच देर रात तक भक्तों ने माता के दर्शन-पूजन किए और जयकारों से पंडाल को गुंजायमान कर दिया।
अष्टमी पर्व पर दर्जनों कन्याओं को प्रसाद का भोग लगाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। पंडाल में बाबा केदारनाथ धाम की झलक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
समिति के अध्यक्ष घनश्याम यादव ने बताया कि काशीवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि आयोजन प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। नवरात्र के अवसर पर पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आ रहा है।


