शारदीय नवरात्र पर काशी में दुर्गा पूजा की धूम के बीच लहुराबीर स्थित हथुआ मार्केट के प्रीमियर ब्वायज क्लब के पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां दुर्गा की एक झलक पाने के लिए भक्त देर रात तक पहुंचते रहे। माता के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा। आकर्षक सजावट और बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी ने पंडाल की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
पंडाल में की गई विद्युत सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। रंगीन रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर रात से लेकर भोर तक महिलाओं, पुरुषों और छोटे-छोटे बच्चों का दर्शन-पूजन के लिए आने का सिलसिला जारी रहा। रोशनी से जगमगाते पंडाल में श्रद्धालुओं को दिन जैसा नजारा देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए क्लब के स्वयंसेवकों और पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई। भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया गया, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली। नवरात्र के उल्लास और मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था के बीच पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।


