विंध्याचल दर्शन कर लौट रहे 8 दोस्तों को ट्रक ने मारी टक्कर,ओवरब्रिज पर सेल्फी ले रहे 4 दोस्तों की मौत, 4 गंभीर

वाराणसी में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी आठ दोस्त निखिल के जन्मदिन पर विंध्याचल धाम में दर्शन करने गए थे और वहां से स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर उन्होंने गाड़ी रोककर तस्वीरें लेने का फैसला किया, लेकिन कुछ ही देर में खुशियों का यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो से उतरकर सभी दोस्त ओवरब्रिज पर खड़े थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो करीब 30 से 40 मीटर तक घिसटती चली गई और वहां मौजूद आठों दोस्त इसकी चपेट में आ गए। हादसे में आनंद यादव (25), आलोक मिश्रा (30), प्रदीप सिंह (36) और विद्वांशु यादव (30) की मौत हो गई। वहीं, सावन यादव (26), किशन यादव (35), राजकुमार यादव (35) और निखिल (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे से कुछ मिनट पहले दोस्तों की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसे उनकी आखिरी तस्वीर बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक प्रयागराज से वाराणसी की ओर आ रहा था और उसकी रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी तलाश कर रही है। मृतकों में शामिल आलोक मिश्रा शिवपुर के पिसौर के रहने वाले थे और पांच दिन बाद एक कंपनी में नौकरी शुरू करने वाले थे। विद्वांशु यादव ठेकेदारी करते थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जबकि प्रदीप सिंह ई-कॉमर्स कंपनी मीशो में मैनेजर थे। हादसे की सूचना पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post