मां की स्मृति को सेवा से जोड़ते हुए मां सेवा शक्ति ट्रस्ट की सोनल श्रीवास्तव ने सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में बुजुर्गों और असहाय लोगों के साथ नवरात्रि मनाई। इस दौरान भजन-कीर्तन और डांडिया का आयोजन हुआ। साथ ही जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और फल वितरित किए गए।
सोनल श्रीवास्तव ने बताया कि मां के निधन के बाद जरूरतमंदों की सेवा उन्हें आत्मिक संतुष्टि देती है। आश्रम में रहने वाले लोगों के साथ त्योहार मनाकर उन्हें अपनेपन का एहसास कराने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह वाराणसी में रहती हैं, खिचड़ी, नववर्ष, दीपावली और होली जैसे अवसरों पर आश्रम पहुंचने की कोशिश करती हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों पर जरूरतमंदों के बीच समय बिताएं, उनसे बातचीत करें और उन्हें अपनापन दें। उन्होंने कहा कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना और अकेलेपन को दूर करना ही त्योहार की सच्ची खुशी है।


