बरेका में रेल सेवा आचरण नियमों पर व्याख्यान, नैतिकता और पारदर्शिता पर दिया जोर

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। 15 अक्टूबर को हुए इस कार्यक्रम का विषय ‘रेल सेवा आचरण नियम और हितों का टकराव’ रहा। इसमें सरकारी जिम्मेदारियों के निर्वहन के दौरान ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही बनाए रखने के महत्व पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने पश्चिम रेलवे के पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं अतिथि वक्ता शांतनु आंबेकर का पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। व्याख्यान के दौरान आंबेकर ने बताया कि व्यक्तिगत हितों और सरकारी दायित्वों के बीच टकराव की स्थिति में किस तरह नियमों के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को सेवा आचरण नियमों का पालन करने और कार्यस्थल पर पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। दूसरे सत्र में व्यावहारिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई और प्रश्नोत्तर के जरिए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम का स्वागत संबोधन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर-लोको अरविंद कुमार जैन, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर-सर्विस इंजीनियर विपुल सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य सतर्कता निरीक्षक सुधीर कुमार जैन की विशेष भूमिका रही। अंत में नीरज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post