वाराणसी में होने वाले एयर शो को खास पहचान देने के लिए इसकी थीम ‘विंग्स ओवर गंगा’ (Wings Over Ganga) रखी गई है। गंगा के ऊपर वायुसेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायुसेना की ताकत और आधुनिक तकनीक को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े लोगो को भी इसी थीम के अनुरूप तैयार किया गया है, जो गंगा और वायुसेना के गौरव को दर्शाता है।
एयर शो से पहले वायुसेना ने गंगा के ऊपर अभ्यास तेज कर दिया है। हाल ही में हेलीकॉप्टरों को नदी के ऊपर उड़ान भरते और पानी की सतह के करीब अभ्यास करते देखा गया। कार्यक्रम के दौरान लड़ाकू विमानों की गर्जना, हेलीकॉप्टरों के करतब और आसमान में एरोबेटिक फॉर्मेशन देखने को मिलेंगे। इसके लिए 22, 24 और 25 अक्टूबर की तारीखें प्रस्तावित हैं।
आयोजन को लेकर नमो घाट पर भी तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित बनाने के लिए जल, थल और वायु तीनों स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। एयर शो के जरिए काशी के गंगा तट पर भारतीय वायुसेना की क्षमता का प्रदर्शन होगा। इससे शहर में आने वाले दर्शकों को रोमांचक नजारे देखने का अवसर मिलेगा।


