वाराणसी में नगर निगम की रोक के बावजूद पुरानापुल इलाके में मछली की बिक्री जारी है। पुरानापुल पुलिस चौकी क्षेत्र में शाम होते ही ठेलों पर मछलियां सज जाती हैं और लोग खुलेआम खरीदारी करते नजर आते हैं। नवरात्रि और आगामी एयर शो को देखते हुए मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन यहां इसका पालन होता नहीं दिख रहा है।
नगर निगम ने नवरात्रि के दौरान 11 से 19 अक्टूबर तक मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाई थी। वहीं, 19 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट से 30 किलोमीटर की परिधि में एयर शो को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंध लागू किया गया है। नगर निगम अंधरापुल, सप्तसागर समेत कई इलाकों में कार्रवाई कर रहा है, लेकिन पुरानापुल में लगातार हो रही बिक्री से प्रतिबंध के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो में फाइटर जेट और हेलीकॉप्टर करतब दिखाएंगे। विमानों को पक्षियों से टकराने यानी बर्ड हिट के खतरे से बचाने के लिए वायुसेना के अनुरोध पर नगर निगम ने यह कदम उठाया है। इसके बावजूद पुरानापुल क्षेत्र में मछली की बिक्री जारी है। यहां प्रतिबंधित थाई मछली बेचे जाने का भी दावा किया जा रहा है, जिसका कारोबार कानून के तहत प्रतिबंधित है। ऐसे में अब देखना होगा कि नगर निगम इस इलाके में नियमों का पालन कराने के लिए क्या कार्रवाई करता है।


