वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैंंगबरपुर में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस को तलाशी के दौरान कई किलो बारूद मिला है। धमाके में तीन मंजिला मकान ढह गया था, जिससे आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद पुलिस ने फैक्ट्री संचालक राजू खान को गिरफ्तार किया था। अब उससे पूछताछ के आधार पर विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त मकान की तलाशी ली तो बची हुई छत पर रखे नीले ड्रम से बारूद बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि बारूद को बोरियों में भरकर ड्रम के अंदर रखा गया था। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के कारणों और वहां रखे विस्फोटक की मात्रा को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
इस घटना में आसपास के परिवारों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा है। राजू खान के मकान के सामने रहने वाले चंद्रकला विश्वकर्मा और अजय कुमार केसरी के घर ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अजय की पत्नी ममता केसरी के हाथ में चोट लगी थी और उनके कान में अभी भी परेशानी है। उन्होंने बताया कि धमाके में घर का सामान और पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई। अब परिवार को हुए नुकसान के बदले मुआवजे का इंतजार है।


