वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने अपने मुद्दे और प्राथमिकताएं सामने रखनी शुरू कर दी हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आशुतोष सिन्हा, बेनी माधव, देव कुमार, चंद्र प्रकाश गुप्ता, पंकज कुमार सिंह, रंजीत कुमार यादव, प्रीति सिंह, वहीदुल्लाह खान, तुषार गोस्वामी, अरविंद कुमार और डॉ. पंकज कुमार गौतम सहित अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा, लालबिहारी यादव, ऋतिका दुबे, कपिलदेव यादव, चेतनारायण सिंह और सुधांशु शेखर त्रिपाठी सहित अन्य प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया छह अक्टूबर तक चलेगी, इसलिए अंतिम सूची में बदलाव संभव है।
शिक्षक विधान परिषद वाराणसी खंड 2026 के प्रत्याशी एवं उत्तरवर्गीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और पुरानी पेंशन की बहाली को प्रमुख प्राथमिकता बताया। वहीं, स्नातक खंड के प्रत्याशी गिरीश चंद्र किशन एडवोकेट ने छात्र संघ की बहाली को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि छात्र संघ लोकतंत्र की पहली पाठशाला है। इसके साथ ही स्नातक मतदाताओं के लिए रोजगार के अवसर और काम के अधिकार का मुद्दा उठाया जाएगा। दिव्यांगों के अधिकार और पेंशन बहाली की मांग भी सरकार के सामने रखने की बात कही।
भाजपा ने वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। सपा की ओर से स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा और शिक्षक सीट पर लालबिहारी यादव मैदान में हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन के बाद सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।


