नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बसों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने वाराणसी परिक्षेत्र से विंध्याचल के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है। सामान्य दिनों में इस मार्ग पर 21 बसें संचालित होती हैं, लेकिन नवरात्र में इनकी संख्या बढ़ाकर 86 कर दी गई है।
निगम की ओर से 65 अतिरिक्त पूजा स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इनका संचालन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक यात्रियों की जरूरत और बसों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। वाराणसी परिक्षेत्र के आठ डिपो से यह सुविधा मिलेगी। जौनपुर डिपो से 20, कैंट और काशी डिपो से 10-10, चंदौली से 8, गाजीपुर से 2, सोनभद्र से 10 और विंध्यनगर से 5 अतिरिक्त बसें चलेंगी। इसके अलावा ग्रामीण डिपो की पहले से संचालित 12 बसें भी यात्रियों को सेवा देती रहेंगी।
इस व्यवस्था से वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर और सोनभद्र समेत आसपास के जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को विंध्याचल धाम पहुंचने में सहूलियत होगी। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के मुताबिक, नवरात्र में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई गई है। यात्रा से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए निगम ने हेल्पडेस्क नंबर 8726005897 जारी किया है। यात्रियों की मांग के अनुसार बसों का संचालन व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने-जाने में परेशानी न हो।


