शारदीय नवरात्र की नवमी पर दुर्गाकुंड स्थित मां कूष्मांडा देवी के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। देश-विदेश से पहुंचे भक्तों की आस्था से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
मंदिर के पुजारी सोनू महाराज ने बताया कि तिथि को लेकर श्रद्धालु अष्टमी और नवमी दोनों के अनुसार पूजा-अर्चना कर रहे हैं। हालांकि, नवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि नवमी पर मां कूष्मांडा को हलवा और घुघरी का भोग अर्पित करने की परंपरा है। भक्त विधि-विधान से पूजा कर माता से सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांग रहे हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से मां की आराधना करने वाले भक्तों पर माता की कृपा बनी रहती है।
पुजारी सोनू महाराज ने दर्शन-पूजन के दौरान व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। साथ ही धार्मिक आयोजन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग के लिए मीडिया कर्मियों को धन्यवाद दिया। नवरात्र के अंतिम दिन मां कूष्मांडा के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ काशी की धार्मिक आस्था और परंपरा को दर्शाती नजर आई। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा।


