धनतेरस के पावन पर्व पर दशाश्वमेध घाट स्थित श्री दक्षिणी आदि शीतला बुढ़िया माता की गुफा में शुक्रवार, 6 नवंबर को विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्वर्ण महालक्ष्मी माता, महाकाली माता, महासरस्वती माता, मां अन्नपूर्णा और बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से पूजन, अभिषेक एवं आरती की जाएगी।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के बीच खजाना प्रसाद का वितरण किया जाएगा। सायंकाल चार बजे से रात्रि 9:30 बजे तक भक्तों को खजाना प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए माता का दर्शन भी सुलभ रहेगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शीतला मंदिर के उप महंत अविनाश पाण्डेय ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धनतेरस पर यह आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता का दर्शन-पूजन करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।

