काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज परिसर स्थित डीन कार्यालय में प्रो. संजय गुप्ता के सम्मान में छात्र-छात्राओं की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान छात्रों ने उनका सम्मान किया और सामाजिक सरोकारों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रो. संजय गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। एक शिक्षक के लिए इससे बड़ी उपलब्धि कुछ नहीं हो सकती कि उसके विद्यार्थी उसके कार्यों और विचारों को समझें और उनका सम्मान करें। उन्होंने कहा कि यह स्नेह उन्हें समाज और राष्ट्रहित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
प्रो. गुप्ता ने बताया कि वह वर्ष 2010 से देशव्यापी 'खुशहाली अभियान' चला रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को बीएचयू के केएन उडप्पा सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। वर्ष 2010 से 2026 तक अभियान की यात्रा लगातार जारी है। इसका उद्देश्य देश को खुशहाल, स्वस्थ और विकसित बनाने के साथ नागरिकों में सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में खुशहाली अभियान भी प्रयासरत है। किसी राष्ट्र का विकास केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि उसके नागरिकों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ एवं खुशहाल होने से सुनिश्चित होता है। विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो और हर नागरिक के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए।
कार्यक्रम के आयोजक एवं छात्र नेता देव पाण्डेय ने कहा कि प्रो. संजय गुप्ता की उपलब्धियां और उनका खुशहाली अभियान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। छात्रों की ओर से आयोजित यह समारोह उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए अभियान की निरंतर सफलता की कामना की।
.jpeg)
