बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनोट बुधवार को वाराणसी पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के मेट्रो संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सरकार को घेरा। कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए हैं। उनके मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और प्रदेश की बदलती तस्वीर दुनिया देख रही है।
सपा शासनकाल पर टिप्पणी करते हुए कंगना ने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में गोलियां चलवाई गईं, जबकि अब उत्तर प्रदेश प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी आने का उनका निजी कार्यक्रम है और वह यहां के अलग-अलग इलाकों में घूमने के साथ शॉपिंग भी करेंगी। कंगना ने काशी के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां आने पर उनका मन शहर की गलियों में घूमने का करता है।

