उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय श्याम नारायण पाण्डेय की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें करीब 250 खिलाड़ी और 50 निर्णायक शामिल हैं।उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल एवं जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले हुए। मेरठ ने अलीगढ़ को 19-09, आजमगढ़ ने सहारनपुर को 30-08, आगरा ने विंध्याचल को 10-08, बस्ती ने कानपुर को 16-07, लखनऊ ने चित्रकूट को 20-10 और झांसी ने मुरादाबाद को 10-08 से हराया। वहीं वाराणसी ने प्रयागराज को 18-08 से शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में प्रयागराज ने बरेली को 15-14 से हराया, जबकि गोरखपुर ने विंध्याचल को 13-02 से पराजित किया।मैचों में मेरठ के अनुराग ने सर्वाधिक नौ गोल किए। आजमगढ़ के अविनाश और लखनऊ के पंकज ने सात-सात गोल कर अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। वाराणसी की ओर से अनीश और हर्षित ने चार-चार गोल किए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ल, एसएन पाण्डेय खेल संस्थान की ट्रस्टी उपमा पाण्डेय, वाराणसी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय, संयुक्त सचिव अनुप गुप्ता, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी नवीन सिंह सहित विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।प्रतियोगिता के आयोजन में एचआईएमएस कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी, वाराणसी ने चिकित्सा सहयोगी के रूप में योगदान दिया। यह जानकारी उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने दी।

