अखिल भारतीय कायस्थ विचार मंच की ओर से लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में भगवान श्री चित्रगुप्त जी का 25वां सार्वजनिक पूजनोत्सव समारोह श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कायस्थ समाज सहित सर्व समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री चित्रगुप्त का पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त के विशाल चित्र पर माल्यार्पण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद कलम-दवात पूजन, यज्ञ एवं महाआरती संपन्न हुई।
संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महान शिक्षाविद् डॉ. संपूर्णानंद की प्रपौत्री गीता श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज के साथ सर्व समाज में एकता, सद्भाव और समृद्धि स्थापित करना मंच का प्रमुख उद्देश्य है। सार्वजनिक चित्रगुप्त पूजनोत्सव के माध्यम से समाज में एकता, जागरूकता और कल्याण की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही लेखनी और कलम के माध्यम से आजीविका अर्जित करने वाले सभी वर्गों के लोगों को भगवान श्री चित्रगुप्त के पूजन के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
संस्था के राष्ट्रीय सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि निकट भविष्य में कायस्थ समाज के युवाओं के लिए रोजगारपरक करियर काउंसलिंग, मेधावी छात्र सम्मान एवं विशिष्ट शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जरूरतमंद कायस्थ परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक राजेश कुमार श्रीवास्तव उर्फ राजेश आजाद ने आयोजन में शामिल अतिथियों, विद्वतजनों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व पार्षद गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, मधु श्रीवास्तव, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद सहित भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास्तव, अधिवक्ता सौरभ श्रीवास्तव, रत्नेश वर्मा, किशन दीक्षित, शाश्वत श्रीवास्तव, इंद्र कुमार शंकर श्रीवास्तव, तिलक राज कपूर, गंगा सहाय पांडेय, गोपाल प्रसाद, रवि अस्थाना, विकास संघट, रामकृष्ण दूर्व, संजय श्रीवास्तव, नवीन श्रीवास्तव एवं अरुण श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

