बीएचयू स्थित केन्द्रीय विद्यालय में आयोजित 50वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित और पर्यावरण प्रदर्शनी में वाराणसी संभाग के छः क्लस्टरों से आए 42 बाल वैज्ञानिकों द्वारा निर्मित मॉडलों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उदघाटन मुख्य अतिथि एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन वाराणसी संभाग के उपायुक्त डॉ अजय कुमार मिश्र ने किया। संगीत शिक्षक डॉ आनंद स्वरुप सिंह एवं नीलम वर्मा के निर्देशन में बच्चों ने सरस्वती-वंदना एवं स्वागत-गायन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ दिवाकर सिंह ने बाल वैज्ञानिकों में परम्परा के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर बल दिया तथा आशा व्यक्त की कि युवा वैज्ञानिक विकास के साथ-साथ सीमित प्राकृतिक संसाधनों को बुद्धिमत्ता के साथ प्रयोग करें तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पृथ्वी सुनिश्चित करें । उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की प्रशंसा की तथा मार्गदर्शन दिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार मिश्र ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां देश और संसार को सुखमय बनाने वाले युवा वैज्ञानिकों को सामने लाने का कार्य करेंगीं। बच्चे अनुकरण से सीखते हैं, अत: उनके समक्ष प्रेरक एवं औचित्यपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किए जाएं। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने प्रदर्शनी के उद्देश्य को स्पष्ट किया और छात्रों को इस दिशा में आगे कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उद्घाटन सत्र के पश्चात मुख्य अतिथि, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के साथ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के आचार्य यथा डॉ एन के स्वामी नायडू, डॉ संतोष कुमार सिंह, डॉ नवीन यल्ला, डॉ प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ सुनीता वर्मा तथा डॉ तीथंकर बनर्जी ने प्रदर्शनी का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया। इस प्रतियोगिता में चयनित छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय 50वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित और पर्यावरण प्रदर्शनी में प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा।कार्यक्रम का संचालन मनीषा सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की उप-प्राचार्या विनीता सिंह ने किया ।