पहलवानों की उठापटक के बाद अब योगासन एथलीटों के योग कौशल का गवाह बनेगा आईआईटी बीएचयू का रमेश श्रीनिवासन स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर का इनडोर हाल। एक जून से यहां तीन दिवसीय योगासन प्रतियोगिता शुरु हो रही है। इस प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय समेत देश भर के 17 विश्वविद्यालयों के कुल 102 योगासन एथलीट हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में आयोजित है। खेलो इंडिया की पहल पर भारतीय खेल प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश खेल विभाग की देखरेख में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, आदि की महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं।
वहीं पुरुष वर्ग में चौधरी बंसीलाल भिवानी विश्वविद्यालय, गुरु जंबेश्बर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी हिसार और शिवाजी विश्वविद्यालय के योगासन एथलीटों ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए क्वालीफाई किया है।उत्तर प्रदेश योगासन के अध्यक्ष व इस आयोजन के चैंपियनशिप मैनेजर रोहित कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए टीमों का आगमन हो रहा है। उन्होंने बताया कि एक जून को सुबह नौ से दस बजे तक रमेश श्रीनिवासन मेमोरियल इनडोर हाल में योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर देश भर से आए योगासन एथलीटों के साथ साथ 30 से अधिक ऑफिशियल, यूपी योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन और भारतीय योग महासंघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। समारोह में योगासन के साथ ही साथ अन्य खेलों से जुड़े खिलाड़ी और खेलों से जुडे लोग भी आमंत्रित किये गये हैं।
