प्रभु श्रीराम को समर्पित होगा इस बार राणी सती दादी मंगल महोत्सव

श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पूर्व धर्मनगरी काशी भी धर्म के रंग में रंगी नजर आएगी। काशी का मारवाड़ी समाज इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। इसी दृष्टिकोण से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राणी सती दादी मंगल महोत्सव इस बार प्रभु श्रीराम को समर्पित रहेगा। 21 जनवरी को सिगरा स्थित रुद्राक्ष काॅनवेशन सेंटर में एक साथ समाज की 1100 महिलाएं मंगल पाठ करेंगी। इस महोत्सव में पहली बार महाराणा प्रताप के वंशज ख्यात मंगल पाठ वाचक कुंवर तेजस राणा अजमेर से पधार रहे है जिनके साथ 1100 महिलाएं संगीतमय पाठ संग नृत्यनाटिका प्रस्तुत करेंगी। 

मंगल पाठ के उपरांत भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ कोलकाता के प्रख्यात भजन गायक सौरभ मधुकर भी प्रस्तुति देंगे। रंग बिरंगे फूलों से सजे दिव्य सिंहासन पर राणी सती दादी विराजमान होंगी। इसके साथ ही दादी को 56 भोग लगाया जाएगा। उक्त जानकारी शुक्रवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने दी। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से भरत सराफ, राधे गोविन्द केजरीवाल, अशोक गिनोड़िया, सुरेश तुलस्यान, संजय अग्रवाल, विकास भावसिंका, संजय पंसारी, राजेश तुलस्यान उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post