भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 'पुष्पक' नामक अपने पहले रीयूजेबल लॉन्च व्हीकल(आरएलवी) यानी पुन: इस्तेमाल होने वाले पहले लॉन्च वाहन (रॉकेट) के लैंडिंग मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह परीक्षण कर्नाटक के चित्रदुर्ग के पास चल्लकेरे में एयरोनॉटिकल टेस्ट रेंज (ATR) में सुबह सात बजकर 10 मिनट पर किया गया।
यह इस शृंखला का दूसरा परीक्षण है। प्रक्षेपण स्थल पर इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस परीक्षण के बाद ISRO ने एक्स पर लिखा, "इसरो ने एक बार फिर कमाल किया! पुष्पक (RLV-TD), पंखों वाला वाहन, ऑफ-नोमिनल स्थिति से मुक्त होने के बाद रनवे पर सटीकता के साथ स्वतंत्र रूप से उतरा।
" इसके साथ ही इसरो ने कहा कि उसने ‘आरएलवी एलईएक्स-02’ लैंडिंग प्रयोग के माध्यम से पुन: इस्तेमाल होने वाले प्रक्षेपण यान प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।