अहिल्याबाई घाट पर महिला की गंगा में डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही। स्थानीय लोगों की मानें तो गंगा में जेटी लगाने की वजह से घटना हुई।
अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। पांडेयपुर ने विश्वनाथपुरम कालोनी दौलतपुर निवासी 46 वर्षीय आरती जायसवाल परिवार के लोगों के साथ मां गंगा को साड़ी चढ़ाने के लिए रविवार को अहिल्याबाई घाट आई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया। इससे गहरे पानी में चली गईं। पानी से डूबने से उनकी मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना के बाद गोताखोर मौके पर पहुंचे।
गोताखोर राकेश साहनी व उनके साथियों ने शव को बाहर निकाला। महिला का शव जेटी के नीचे फंस गया था। आरती को दो पुत्रिय़ां और एक पुत्र है। घटना से स्थानीय लोगों में भी रोष दिखा। लोगों का कहना रहा कि जब से यहां जेटी लगाई गई है, तब से घटनाएं बढ़ गई हैं।
अक्सर लोग डूबने के बाद जेटी में फंस जाते हैं। इससे उनकी मौत हो जाती है। जेटी को हटाने के लिए कई बार नगर निगम प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई लेकिन कोई पहल नहीं की गई।