कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की 15 साल में 5 गुना संपत्ति बढ़ी, वहीं बसपा के अतहर जमाल लारी की संपत्ति 12 साल में 65 लाख ही बढ़ी

वाराणसी लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी अजय राय और बसपा प्रत्याशी अतहर जमाल लारी ने शुक्रवार को नामांकन किया। नामांकन के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार अजय राय बसपा प्रत्याशी से ज्यादा धनवान हैं। जहां अजय राय की 15 साल में 5 गुना संपत्ति बढ़ी है। 

वहीं बसपा कैंडिडेट अतहर जमाल लारी की संपत्ति 12 साल में महज 65 लाख रुपए ही बढ़ी है। जिसका हलफनामे में ब्योरा दिया गया है। अजय राय के पास साल 1998 में खरीदी गई एक टाटा सफारी कार दर्शायी गई है। पत्नी के पास फार्च्यूनर हलफनामे में दर्ज की गई है। जमाल लारी के पास भी एक सफारी गाड़ी है। बेटे के पास दो टू व्हीलर है। जिसे हलफनामे में दर्ज किया गया है। वहीं अजय राय के पास 2 करोड़ 67 लाख की संपत्ति है। जो 2009 में कुल 55 लाख 13 हजार रुपए थी। जबकि अतहर जमाल लारी के पास एक करोड़ 28 लाख की संपत्ति है। अजय राय के पास 5 लाख 51 हजार रुपए का सोना है। जबकि अतहर जमाल लारी के पास 4 लाख 20 हजार का सोना है।

उत्तर प्रदेश सरकार में साल 2002 में सहकारिता मंत्री रहे अजय राय इस समय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अजय राय वाराणसी लोकसभा सीट से लगातार चौथी बार और प्रधानमंत्री के विरुद्ध लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। इनके नामांकन में कांग्रेस का कोई बड़ा चेहरा तो नहीं शामिल हुआ, पर कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं और सपा के प्रदेश स्तरीय स्थानीय नेताओं का जमघट देखा गया। इस दौरान वकीलों का भी समर्थन मिला। अजय राय ने अपना नामांकन भरा जिसमें उन्होंने खुद पर कुल 18 केस होना बताया है। इसमें लखनऊ के हजरतगंज और वाराणसी के दशाश्वमेध थाने में दर्ज मुकदमें में हत्या के प्रयास की धारा लगी है। फिलहाल 6 मामलों में अजय राय जमानत पर हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति कुल 2 करोड़ 67 लाख बताई है।

15 साल में 5 गुना बढ़ी प्रॉपर्टी 

साल 2009 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान महज 55 लाख रुपए थी। इन 15 सालों में अजय राय की संपत्ति कुल 5 गुना बढ़ी है। उन्होंने आय का स्रोत विधायक पेंशन दर्शाया है। वो ग्रेजुएट हैं। 2009 में अजय राय की चल संपत्ति 3,05,000 थीं। जबकि अचल संपत्ति 49,00,000 थीं। 15 साल बाद शुक्रवार को दिए गए हलफनामे में अजय राय ने बताया कि उनकी चल संपत्ति 61,99,983 और अचल संपति 2,05,00,000 है।

बेटियों और बेटे के नाम भी बैंक अकाउंट, जमा है कैश 

अजय राय के पास 3,85,000 कैश है। इसके अलावा बैंक में 5,51,111 रुपए जमा हैं। अजय राय के पास दो बैंक अकाउंट और उनकी पत्नी के पास 3 बैंक अकाउंट है। दो बेटियों के नाम दो अकाउंट और एक बेटे के नाम एक अकाउंट है। इसके अलावा एक ज्वाइंट अकाउंट भी है। अजय राय और उनकी पत्नी के पास मिलाकर कुल 15,13,000 की ज्वेलरी है।

नहीं है कोई भी लाइसेंसी असलहा 

अजय राय 5 बार वाराणसी की पहले कोलअसला और अब पिंडरा विधानसभा से विधायक रहे हैं। इसके अलावा साल 2009 से लगातार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कभी भी लाइसेंसी असलहा नहीं लिया। अजय राय ने साल 2012 में कांग्रेस ज्वाइन किया था। इसके पहले साल 2009 में सपा उम्मीदवार के रूप में वाराणसी से लोकसभा का चुनाव लड़े थे।

सभी बच्चों के नाम पर जमा हैं पैसे

अजय राय ने सभी बच्चों के नाम पर सेविंग की है। चल संपत्ति के आंकड़ों के अनुसार, अजय राय के पास 6,66,832 रुपये की संपत्ति है। वहीं, पत्नी रीना राय 45 लाख 37 हजार 208 रुपये की मालकिन हैं। अजय राय की बड़ी बेटी श्रद्धा राय के नाम पर 4,24,912 रुपये, बेटे शांतनु राय के पास 1,03,096 रुपये और आस्था राय के नाम पर 2,70,944 रुपये की संपत्ति है।

पत्नी के पास है फॉर्च्यूनर

अजय राय के पास 2009 में केवल एक सफारी गाड़ी थी। यह गाड़ी 1998 में उन्होंने खरीदी थी। 2024 के शपथ पत्र के अनुसार, अभी भी वह टाटा सफारी उनके पास है। वहीं, अब पत्नी के नाम पर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी भी है। इसे उन्होंने 2020 में खरीदी। इसके लिए उन्होंने 15 लाख 35 हजार 243 रुपये का कार लोन केनरा बैंक से लिया हुआ है। अजय राय पर किसी भी ऋण का बोझ नहीं है। अजय राय के नाम पर गांव में 8 बीघा जमीन तो शहर के पिशाच मोचन में 7337 वर्ग मीटर में मकान है। उनके आय का स्रोत विधायक पेंशन है, जबकि पत्नी एक कंपनी की सीईओ हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post