काशी के संगीत साधको ने लोकतंत्र के उत्सव में शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगीत संध्या का आयोजन किया। पण्डित शिवनाथ मिश्रा म्यूजिक फॉउन्डेशन के तत्वावधान में भदैनी स्थित सितार कुंज सभागार में 'लोकमत परिष्कार संगीत संध्या' में राष्ट्र को समर्पित राग देश की अवतारणा सितार से निकली तो समूचा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। विश्वविख्यात कलाकार एवं पद्मश्री पण्डित शिवनाथ मिश्रा ने राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने के उद्देश्य से सितार पर राग देश में निबद्ध तीन ताल की रचना प्रस्तुत किया। उन्होंने अलाप के उपरांत बन्दिश पेश किया। तत्पश्चात राग देश मे ही देवी सुरेश्वरि भगवती गंगे की धुन प्रस्तुत किया तो हर कोई उनके संगीत का मुरीद नजर आया। समापन स्वरचित राग शिवमंजरी में निबद्ध रचना से किया। उनके साथ तबले पर उनके नाती प्रशांत मिश्र ने संगत किया। इसके बाद संगीतज्ञ पण्डित देवब्रत मिश्रा ने राग देश मे निबद्ध स्वरचित रचना गीत सुनाया।
इसके पूर्व संध्या का शुभारंभ नवोदित कलाकार मानसी सिंह ने कथक नृत्य से किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। पं. सोनू झा ने वैदिक मंगलाचरण किया। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक पण्डित देवब्रत मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन रागिनी मिश्रा ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से बीना अग्निहोत्री, सतीश चंद्र मिश्रा,संजय उपाध्याय, राकेश तिवारी, सुरेश प्रसाद पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। संचालन प्रियंका अग्निहोत्री ने किया।