फंदे के सहारे लटकता मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने हत्या का लगाया आरोप

वाराणसी में मंगलवार की रात में फंदे के सहारे लटकता विवाहिता का शव मिला। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद उसकी लाश को फंदे से लटका दिया गया।

वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। फिलहाल सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची बड़ागांव पुलिस जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता अभी 3 दिन पहले ही मायके से ससुराल आई थी।


नवंबर 2023 में हुई थी शादी


चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर निदोरा के रहने वाले संजू गोड़ की बेटी सोनी गोड़ की शादी नवंबर 2023 में बड़ागांव थाना क्षेत्र के बीरापट्टी निवासी राजू गोड़ के बेटे सूरज गोड़ से हुई थी। 

शादी धूमधाम से संपन्न होने के बाद विवाहिता अपने ससुराल आई थी। कुछ दिन पहले विवाहिता ससुराल से अपने मायके गई हुई थी। फिर तीन दिन पहले मायके से ससुराल आई थी।


गर्मी के चलते छत पर सोने गया था परिवार


मृतका के ससुर राजू गोड़ ने बताया कि मंगलवार की रात में परिवार के सभी लोगों ने एक साथ खाना खाया। खाना खाने के बाद गर्मी होने के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सोने के लिए चले गए। सूरज भी छत पर चला गया था। जिसके चलते नीचे के कमरे में सोनी अकेले ही थी। मध्य रात्रि में बरसात होने लगी तो परिवार के लोग छत से उतर कर नीचे आए। इस दौरान सोनी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।ससुराल पक्ष का कहना है कि दरवाजा काफी देर तक खटखटाया गया। लेकिन सोनी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका को ध्यान में रखते हुए परिजनों द्वारा 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा तोड़ा गया।


फंदे से लटक रही थी विवाहिता की लाश


कमरे के अंदर पंखे में रस्सी के सहारे फंदे से विवाहिता लटक रही थी। उसे देखकर परिजन रोने चिल्लाने लगे। उसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा फोन करके मायके पक्ष के लोगों को भी सूचना दिया गया। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग वहां पहुंचे, तो ससुराल पक्ष के लोगों पर बेटी की हत्या कर लाश को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।सहायक पुलिस उपायुक्त प्रतीक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे, साथ ही फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

पुलिस का कहना है कि मृतका की लाश को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मायके पक्ष द्वारा यदि तहरीर दी जाती है, तो तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post