55 यात्रियों की क्षमता वाला हाइड्रोजन जलयान रविवार की शाम रामनगर मल्टीमाडल टर्मिनल पर पहुंच गया है। आईडब्ल्यूएआई अधिकारियों ने इसका अवलोकन किया। जलयान में अंदर की सजावट और रंगरोगन का काम किया जाएगा। वहीं महाकुंभ के दौरान वाराणसी से प्रयागराज के बीच इसका संचालन किया जाएगा।
जलयान के कैप्टन, सहायक कर्मचारियों ने अधिकारियों को जलयान के बारे में पूरी जानकारी दी। दो मंजिला जलयान के अंदर की सजावट, रंगरोगन आदि का काम किया जाएगा। जल परिवहन अधिकारियों के अनुसार जलयान का संचालन परिवहन विभाग करेगा। इसमें 50 से 55 यात्रियों की क्षमता है। जलयान कर्मियों के अनुसार यह 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकता है। एक माह पहले कोच्चि शिपयार्ड से समुद्री मार्ग से होते हुए यह जलयान 13 जून को कोलकाता पहुंचा, लेकिन जलमार्ग-1 हल्दिया-वाराणसी रूट पर पानी की कमी के चलते जलयान की रफ्तार थम गई।
Tags
Trending