अजय राय के आवास पर भाजपा नेताओं के प्रदर्शन के प्रयास का हुआ विरोध, हमले की साजिश का आरोप लगाते हुए अजय राय की सुरक्षा बढ़ाने की हुई मांग

संसद में राहुल गांधी के बयान के विरोध में 2 जुलाई को अजय राय के आवास पर भाजपा नेताओं के प्रदर्शन के प्रयास पर इंडिया ब्लॉक ने नाराजगी जताई है। गुरुवार को कांग्रेस और सपा नेताओं ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर अजय राय और उनके परिवार की सुरक्षा की मांग की। 

वहीं प्रदर्शन के नाम पर अराजकता करने वाले भाजपा नेताओं पर केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की बात भी कही। कांग्रेस नेताओं ने ऐसा नहीं होने पर सड़क से संसद तक प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस और सपा नेता जिला मुख्यालय पहुंचे। दोनों दलों के नेताओं ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के परिवार की सुरक्षा मांगी। सीपी को 2 जुलाई को अजय राय के आवास पर प्रदर्शन को लेकर हुए घटनाक्रम की जानकारी दी।

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि 2 जुलाई को भाजपा का झंडा लेकर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला लेकर जलाने पहुंचे थे। प्रदर्शन के लिए आयोजकों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आवास पर पहुंचने की घोषणा कर दी।भाजपा का झंडा और राहुल गांधी का पुतला लेकर बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने अजय राय के आवास का रुख कर दिया। अजय राय उस समय लखनऊ थे और परिवार घर पर था। मामले की जानकारी के बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस और प्रशासन ने सभी को चेतगंज मोड़ पर रोक लिया। हालांकि फिर चौराहे पर ही उन लोगों ने प्रदर्शन किया लेकिन सभी के इरादे ठीक नहीं थे।

पत्नी और बेटियों में भय, सुरक्षा दे प्रशासन

सपा नेता पूजा यादव ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर हमले का प्रयास किया गया, इसके बाद से उनकी पत्नी रीना राय सहित बेटा-बेटियां दशहत में हैं। अजय राय 5 बार के विधायक और पूर्व मंत्री समेत पीएम के खिलाफ 3 बार लोकसभा प्रत्याशी रहे हैं। राजनीतिक रूप से विरोधाभास में किसी घटना की आशंका के चलते उसकी सुरक्षा बढ़ाई जाए। 2 जुलाई को ऐसा प्रयास करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post