मंदिर से लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने लूटे गहने, महिला की तहरीर के आधार पर मामला हुआ दर्ज

वाराणसी में मंदिर से लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने लूट की है। पीड़िता से 5 लाख रुपए के गहने छीनकर आरोपी फरार हो गए। घटना मंडुवाडीह के शिवदासपुर की है। 

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पूरी जानकारी ली । 


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जिसमें वारदात कैद हो गई। महिला की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस और सर्विलांस टीम उनकी तलाश में जुटी है।


बिहार की रहने वाली है महिला


बिहार की मूल निवासी गीता देवी के पति अवधेश कुमार सोनभद्र में ओवरमैन के पद पर तैनात हैं। उनका बेटा अमित कुमार शिवदासपुर में मकान बनवाकर रहता है। सावन के दौरान लगभग 10 दिन पहले दंपती शिवदासपुर में अपने बेटे के घर आए थे।

गुरुवार सुबह गीता देवी कॉलोनी के मोड़ पर स्थित शिव मंदिर पर पूजा करने गई थी। जब वह मंदिर से पूजा करके लौट रही तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। लगभग 22-23 वर्ष उम्र के युवक पता पूछने के बहाने पास आए और बातचीत करने लगे।


5 लाख की कीमत के जेवर लेकर हुए फरार


बनारस में वारदातों का जिक्र करते हुए सारे गहने पर्स में रखने की बात कही। महिला को अपनी बातों में उलझा कर बैग छीनकर भाग निकले। इसमें 4 सोने के कंगन, 1 सोने की चेन समेत लगभग 5 लाख कीमत के सोने के गहने थे।


दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज


जब तक महिला कुछ समझती दोनों फरार हो गए। उसने मंडुवाडीह पुलिस स्टेशन में शिकायत की। मौके पर लहरतारा चौकी इंचार्ज पवन यादव और मंडुवाडीह थानेदार भरत उपाध्याय पहुंचे। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post