वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में झोलाछाप की दवा खाने से महिला की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर अवस्था में अस्पताल में एडमिट है। महिला आरोपी के घर काम करती है और कमर दर्द से परेशान थी। युवक भी दर्द से परेशान था।
आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। झोलाछाप झाड़-फूंक के साथ दवाएं भी देता था। महिला की मौत घर जाने के बाद हुई। फिलहाल पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शमशेर खान के घर पर झाड़ू-पोछा करती थी महिला
मृत महिला सुनीता (40) के पति गणेश ने बताया- सुनीता कई सालों से झोलाछाप खान उर्फ शमशेर खान के यहां झाड़ू-पोछा का काम करती थी। खान झाड़-फूंक के साथ दवाएं भी देते थे। शनिवार की सुबह सुनीता और बंगला का लड़का सनोज डॉक्टर खान के पास गए थे। सुनीता ने अपने कमर और सनोज ने पैर में दर्द बताया था।
सुनीता को दी थी दो गोलियां, रात में हो गई मौत
गणेश ने अपनी तहरीर में पुलिस को बताया- इसके बाद सुनीता घर लौट आई। रात में उसे अचानक उल्टियां होने लगी, जिसके कुछ ही देर बाद दम निकल गया। वहीं, सनोज की तबीयत खराब हो गई। वह अस्पताल में एडमिट है। सुनीता के चार लड़कियां और एक लड़की है। जिनकी परवरिश की जिम्मेदारी अब गणेश के ऊपर आ गई है।
पुलिस कर रही पूछताछ
गणेश प्रसाद की तहरीर पर एक्टिव हुई पुलिस ने आरोपी खान को पकड़ा है। एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया- झोलाझाप कब्जे में है और उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।