प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का अवलोकन किया। वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस शो में करीब 100 विमानों ने हिस्सा लिया, जिनमें राफेल और सुखोई समेत 52 लड़ाकू विमान शामिल रहे। गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, जगुआर, मिराज-2000, स्वदेशी तेजस और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरते विमानों ने आसमान में तीर, हीरे और अन्य आकृतियां बनाईं। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के नौ हॉक विमानों ने गंगा के ऊपर तिरंगा बनाया। टीम ने दिल और ‘ए’ की आकृति बनाकर भी दर्शकों का ध्यान खींचा। चिनूक हेलीकॉप्टर ने गंगा की लहरों के करीब पहुंचकर मां गंगा को नमन किया, जबकि तेजस ने कम ऊंचाई पर उड़ान भरकर अपना कौशल दिखाया।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वायुसेना के विभिन्न विमानों और हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान तथा उनके बीच तालमेल ने भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता और हवाई कौशल को प्रदर्शित किया। सूर्यकिरण टीम ने आसमान से लोगों को शुभकामनाएं देते हुए एयर शो का समापन किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की गारमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन किया। उन्होंने फैक्ट्री में तैयार हो रहे कपड़ों और खादी उत्पादों की जानकारी ली तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया। इसके बाद प्रधानमंत्री पुलिस लाइन से करीब सात किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा के ऊपर वायुसेना के शौर्य और कौशल का प्रदर्शन देखा।



