बरेका अधिकारी क्लब में 'जीवनशैली जनित बीमारियां' विषय पर राजभाषा विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण चिकित्सा विषयक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं ,कर्मचारियों एवं अधिकारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जीवनशैली जनित बीमारियों के रोकथाम के उपायों पर चर्चा करना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष गौरी श्रीवास्तव ने की। गोष्ठी के संचालन एवं संयोजन की जिम्मेदारी महिला कल्याण संगठन की सचिव श्वेता सिंह द्वारा बखूबी निभाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य अभिकल्प इंजीनियर/डीजल लोको प्रवीण कुमार के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने इस प्रकार की गोष्ठियों के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।इसके पश्चात बरेका के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने 'जीवनशैली जनित बीमारियों' पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने व्याख्यान में मुख्य रूप से मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कैंसर और सांस रोग जैसी प्रमुख बीमारियों के कारणों, लक्षणों और रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला।डॉ. देवेश कुमार ने बताया कि जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं और इनसे बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक तनाव प्रबंधन और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य है। उन्होंने थायरॉइड, मानसिक रोग, अपच, और अन्य बीमारियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।व्याख्यान के बाद सुझाव एवं शंका समाधान सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में बरेका महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं, कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने स्वास्थ्य से संबंधित अपने प्रश्न पूछे। डॉ. देवेश कुमार ने सभी प्रश्नों का समाधान करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स दिए।कार्यक्रम के अंत में बरेका महिला कल्याण संगठन की संयुक्त सचिव श्रीमती ऋचा कारीढाल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। उन्होंने गोष्ठी की सफलता के लिए सभी उपस्थित अधिकारीगण, कर्मचारियों एवं महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर बरेका महिला कल्याण संगठन की कोषाध्यक्ष अनुप्रिया सिंह, हनी वर्मा, चित्रा सिंह, पूनम सिंह गुंजन अग्रवाल,श्रीमती प्रियंका प्रसाद, मीनाक्षी शर्मा, श्वेता श्रीवास्तव हंसा धर्मेंद्र कुमार अर्चना तिवारी सहित महिला कल्याण संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं।इसके अतिरिक्त,वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ. संजय सिंह,जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार तथा बड़ी संख्या में बरेका के कर्मचारी एवं अधिकारी भी उपस्थित थे।यह आयोजन बरेका कर्मचारियों एवं अधिकारियों के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस गोष्ठी ने जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।