किसानों के मुद्दे को लेकर एक बार फिर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार की नीतियों के कारण आज भारत का अन्नदाता विदेशी खाद पर निर्भर होता जा रहा है और उसकी रीढ़ लगातार झुक रही है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, और किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़। लेकिन अब यही रीढ़ ‘मेड इन चाइना’ पर टिक गई है। उन्होंने कहा कि भारत 80 प्रतिशत स्पेशियलिटी फर्टिलाइज़र चीन से मंगाता है,
और अब जब चीन ने सप्लाई रोक दी है, तो किसानों पर संकट और भी गहराता जा रहा है। पहले से ही यूरिया और डीएपी की कमी से जूझते किसान अब एक नए ‘चीनी संकट’ का सामना कर रहे हैं।राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खाद की बोरियों पर अपनी तस्वीरें छपवा रहे हैं, जबकि असली ज़मीन पर किसान आत्मनिर्भरता से दूर होता जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया — क्या अब किसान अपनी ही मिट्टी में भी पराया मोहताज रहेगा? और आखिर में, राहुल गांधी ने पूछा: ‘किसका साथ, किसका विकास?’