वाराणसी में फर्रुखाबाद निवासी मोहम्मद शरफ रिजवी उर्फ "सम्राट सिंह" को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पहचान छिपाकर और फर्जी हिंदू नामों से सोशल मीडिया व मैट्रिमोनियल साइट्स पर लड़कियों से संपर्क किया, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, लाखों रुपए ठगे और फिर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। पुलिस के मुताबिक, शरफ ने अब तक यूपी समेत तीन राज्यों की 12 लड़कियों से इस तरह शादी या निकाह किया है।
जांच में सामने आया कि वह महंगी गाड़ियां किराए पर लेकर और सूट पहनकर खुद को बड़ा कारोबारी बताता था। शादी की तैयारी के नाम पर कैश और गिफ्ट लेता और फिर संपर्क तोड़ देता। अगर लड़की या परिवार दबाव डालते, तो असली पहचान बताकर इस्लाम कबूल करने की शर्त रखता।शरफ की गिरफ्तारी सारनाथ की एक युवती की शिकायत पर हुई, जिसे उसने शादी का झांसा देकर 5 लाख रुपए ठगे और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी कई इस्लामिक समूहों से जुड़ा है और इस रैकेट के बड़े नेटवर्क की जांच जारी है।
