महारानी लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली पर ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान के तहत एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। नमामि गंगे द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्री मारवाड़ी सेवा संघ संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वेदपाठी बटुकों ने वेद मंत्रों के बीच महारानी लक्ष्मीबाई की भव्य आरती उतारी। स्वस्तिवाचन और द्वादश ज्योतिर्लिंग पाठ से वातावरण राष्ट्रभक्ति, आध्यात्मिकता और गर्व की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
पूरे परिसर में तिरंगे की छटा बिखरी रही और ‘हर घर तिरंगा, हर सपना तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम में ‘हर घर स्वच्छता’ अभियान के तहत उपस्थित लोगों ने वीरांगना की जन्मस्थली पर स्वच्छता अभियान भी चलाया। इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज को हर भारतीय के घर तक पहुंचाने वाला राष्ट्रव्यापी आंदोलन है, जो हमारे त्याग, गर्व और एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्वतंत्रता महोत्सव के साथ उन वीर सपूतों को नमन करें जिन्होंने स्वतंत्रता और सम्मान के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत काशी में 4 लाख 75 हजार तिरंगे वितरित किए जाएंगे। इनमें 2 लाख 25 हजार तिरंगे एनआरएलएम की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और करीब 2 लाख 50 हजार तिरंगे डूडा से जुड़ी महिलाएं तैयार कर रही हैं। 13 अगस्त को जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक निकाली जाएगी। इस यात्रा में स्थानीय कलाकारों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिससे स्वतंत्रता के प्रति जनजागरूकता और देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया जाएगा।