शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर कॉलोनी निवासी पूजा सिंह ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पूजा की शादी 29 मई 2021 को बड़ागांव थाना क्षेत्र के रमईपट्टी गांव निवासी अभिनव सिंह से हुई थी।
शादी के बाद पता चला कि पति पहले ही प्रीतम यादव नामक महिला से शादी कर चुका है और उनकी एक पुत्री भी है। पूजा का आरोप है कि पति, ससुर, सास और देवर उससे दहेज की मांग करते थे, प्रताड़ित और मारपीट करते थे। देवर अभिषेक सिंह उस पर अश्लील हरकत करता था जबकि पति अप्राकृतिक यौनाचार करता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर 2 नवंबर 2022 को पूजा को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। रिश्तेदारों की मध्यस्थता के बावजूद ससुराल पक्ष ने उसे वापस नहीं लिया। पूजा की तहरीर पर शिवपुर थाने में मुकदमा संख्या 286/2023 धारा 313, 323, 354क, 377, 498ए और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।