प्रयागराज के नैनी इलाके की पीडीए कॉलोनी में एक बड़ा खुलासा हुआ है। यहाँ आयकर विभाग में तैनात एक अधिकारी के खाली पड़े घर में पिछले 4 साल से सेक्स रैकेट चल रहा था। शनिवार को मोहल्ले वालों ने कुछ लड़कों और लड़कियों को संदिग्ध हालत में देखा। उन्होंने मकान के बाहर ताला बंद कर दिया और पुलिस को बुलाया। शुरुआत में पुलिस ने लोगों को डराने की कोशिश की, लेकिन बाद में कार्रवाई कर दो महिलाएं और चार पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया।जांच में सामने आया कि यह मकान बनारस में तैनात आयकर निरीक्षक हिमांशु कुमार का है। उन्होंने मकान की देखरेख अपने साले संतोष कुमार को सौंप रखी थी। संतोष ने इसे अपने साथियों अशोक शुक्ला और अनुज जायसवाल के साथ मिलकर चलाना शुरू कर दिया। वे इसे गेस्ट हाउस बताकर ग्राहकों को बुलाते थे। यहां मसाज पार्लर के नाम पर लड़कियों को बुलाकर 2,000 से 10,000 रुपये तक का सौदा तय कर उनसे अवैध काम कराते थे। ग्राहक दिल्ली, मुंबई, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित कई जगहों से आते थे।
मोहल्ले वालों का कहना है कि मकान में कभी ताला खुलता नहीं था। सुबह से रात तक लड़के-लड़कियां आते-जाते थे, लेकिन कोई नहीं जानता था कि अंदर क्या चल रहा है। पुलिस की मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया है। स्थानीय महिलाएं इसे बंद कराने और मकान सील करने की मांग कर रही हैं।