मैनपुरी की सुदिति ग्लोबल एकेडमी की एक शिक्षिका ने स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर लव मोहन और उनके पीए शिवम पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता मूल रूप से गुरुग्राम की रहने वाली है और वहीं के शिवाजी नगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। यह केस अब मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाने को ट्रांसफर किया गया है।पीड़िता का कहना है कि 12 जुलाई 2025 को एमडी ने उन्हें केबिन में बुलाकर "खुश करने" की मांग की। आरोप है कि उन्होंने जब विरोध किया तो एमडी ने जबरन पकड़कर उनके प्राइवेट पार्ट को टच किया। किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर बाहर निकलीं। पीए शिवम पर भी छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप है। टीचर का कहना है कि नौकरी के दौरान उन्हें लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ा। विरोध करने पर उन्हें और उनकी बच्चियों को हॉस्टल व स्कूल से निकालने की धमकी दी गई।
अगस्त में पीड़िता सदमे में चली गई और मेडिकल लीव पर गुरुग्राम लौट आईं।बाद में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल मामला मैनपुरी पुलिस को ट्रांसफर हो चुका है, लेकिन स्थानीय पुलिस का कहना है कि एफआईआर की कॉपी अभी तक उन्हें नहीं मिली है। वहीं, स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन एमडी और उनके पिता दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले।
