कैंट थाना पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले जाने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 को कैंट थाने में वादी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। मामले में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद कैंट थाना पुलिस सर्विलांस और मुखबिर की सहायता से लगातार नाबालिग और आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कुमार पटेल पुत्र अजय कुमार पटेल निवासी मझगंवा कला थाना कपसेठी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर नाबालिग पीड़िता को भी बरामद कर लिया गया।गिरफ्तारी 10 मई की शाम करीब 5:30 बजे सरावां छोटा थाना कपसेठी क्षेत्र से की गई। अभियुक्त के खिलाफ कैंट थाने में धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।पूरे अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम निषाद, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार एवं महिला कांस्टेबल स्नेहा पांडेय शामिल रहीं।

