देवनाथपुर स्थित नवसंघ सांस्कृतिक समिति द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर मां महाकाली का भव्य पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पूजन तंत्रोक्त विधि से महानिशीथ काल में किया गया, जिसमें वैदिक परंपराओं के अनुसार मां काली का आह्वान, चक्षुदान एवं प्राण प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न हुई।दूसरे दिन मां काली के पंडाल में पूजा आरंभ होते ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देवनाथपुरा में बने भव्य पूजा पंडाल को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ मां महाकाली की पूजा संपन्न कराई गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।इस अवसर पर बंगाली परंपरा के अनुसार काली पूजा आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने धूमची नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त झूम उठे और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां काली का पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मंत्री ने नवसंघ समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे सांस्कृतिक आयोजन परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नई पीढ़ी को अपने धर्म एवं संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।”पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं युवा वर्ग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम देखने को मिला।

