मैनपुरी एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय कछुआ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। कार्रवाई में टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 197 दुर्लभ प्रजाति के कछुए और एक सेंट्रो कार बरामद की। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।मैनपुरी के डीएफओ संजय मल्ल ने बताया कि एसटीएफ आगरा यूनिट और मैनपुरी वन विभाग की टीम ने किशनी रेंज और इटावा बॉर्डर क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 197 सौंदर्याय प्रजाति के कछुए बरामद हुए।
डीएफओ के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि तस्कर इन कछुओं को उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) ले जा रहे थे, जहां इन्हें गिरोह के अन्य सदस्यों को सौंपा जाना था।अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है, ताकि कछुओं के स्रोत और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। बरामद कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग की देखरेख में रखा गया है।

