BHU सेंट्रल लाइब्रेरी में आग, दूसरे तल से उठे धुएं से मचा हड़कंप; सर्वर रूम और 50 से अधिक कंप्यूटर जलकर खाक

 बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से कैंपस में अफरातफरी मच गई। आग लाइब्रेरी के दूसरे तल पर लगी, जहां उस समय 20 से अधिक छात्र मौजूद थे। धुआं फैलते ही छात्रों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही लगभग 10 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद दूसरी गाड़ी भी बुलानी पड़ी। 

फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि लाइब्रेरी को पूरी तरह खाली करा दिया गया है और अभी किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है।इस हादसे में किसी छात्र के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। आग की चपेट में आकर 50 से अधिक कंप्यूटर जल गए, वहीं 50 से 60 लाख रुपए की लागत से तैयार सर्वर रूम भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने आग लगने की वजह जानने और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना के बाद कैंपस में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों और कर्मचारियों के बीच चिंता का माहौल है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post